हरिद्वार में युवक पर जानलेवा हमला, अपने ही तमंचे से चली गोली से घायल हुआ बदमाश


सबसे व्यस्ततम चौराहे और हरिद्वार का दिल कहे जाने वाले चंद्राचार्य चौक के सामने हमलावर युवक खुद ही गोली लगने से घायल हो गया. दरअसल, घायल शख्स अपने साथियों के साथ एक अन्य युवक को मारने के लिए आया था लेकिन तमंचे की गोली चलने से वो खुद ही घायल हो गया. पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया है. मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है.

दरअसल, घायल युवक के साथ उसका एक साथी और एक महिला भी थे. ये लोग एक दूसरे युवक से मारपीट कर रहे थे. उन्होंने पहले युवक को स्कार्पियो के अंदर मारा, फिर युवक को स्कॉर्पियो कार से खींचकर निकाल लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान एक हमलावर युवक ने तमंचे की बट से वार करने का प्रयास किया और इसी दौरान तमंचे से गोली चल गई और हमलावर युवक अपने ही तमंचे से चली गोली लगने से घायल हो गया.

पैर में गोली लगने से युवक सड़क पर बैठ गया. घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि पूरा मामला आपसी रंजिश का है, जिसके चलते ही हमलावर युवक को मारने के लिए आए थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि दो गुटों में झगड़े के दौरान गोली चलने से अफरा तफरी मच गई. गोली हमलावर के असलहे से चली और खुद उसी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया. जिसके बाद स्थानीय कारोबारी ने उसे पकड़ लिया. पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *