रुड़की में कार की टक्कर से खंडित हुई कांवड़, गुस्साए कांवड़ियों ने जमकर की तोड़फोड़


हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां पर कांवड़ यात्रा के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया. बताया गया है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की कांवड़ एक कार की टक्कर से खंडित हो गई, जिसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने कार पर हमला बोल दिया और कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना की जांच जारी है, जांच के बाद सख्त एक्शन लिया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए की कांवड़ को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी. बताया गया है कि टक्कर लगने से कांवड़ खंडित हो गई, कांवड़ खंडित होने की सूचना जैसे ही आसपास मौजूद श्रद्धालुओं लगी तो वह भड़क उठे और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी गई, कुछ ही देर में मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही तत्काल मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत किया गया, इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया. हालांकि कांवड़ यात्रा के बीच हुई इस घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है.

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा जोर-शोर से चल रही है, कांवड़ यात्रा में तरह-तरह के थीम के कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं. कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी मुस्तैद हैं. पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है. वहीं यात्रा मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर कैमरों से निगरानी की जा रही है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *