हरिद्वार जिले के लक्सर में ट्रेन की चपेट में आने से एक शख्स की जान चली गई. शख्स की मौत की जानकारी मिलने पर घर में कोहराम मच गया. फिलहाल, लक्सर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है. वहीं, दूसरी ओर कीटनाशक के छिड़काव से तबीयत खराब होने के बाद किसान की मौत हो गई.
लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि सोमवार को मुरादाबाद आरपीएफ कंट्रोल रूम से एक सूचना मिली थी. जिसमें बताया गया कि सहारनपुर-मुरादाबाद रेलवे लाइन पर रायसी व बालावाली के बीच ट्रैक पर एक शख्स का शव पड़ा हुआ है.
ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त की कार्रवाई में जुटी. इसी बीच जांच पड़ताल करने पर उसकी पहचान कोतवाली क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी सोनू कुमार (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई.
वहीं, जांच पड़ताल के बाद पता चला कि उसका अपनी पत्नी के साथ मामूली सी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिससे गुस्से में आकर वो ट्रेन के आगे आ गया. उधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है. शख्स की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है.
वहीं, खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे किसान की तबीयत बिगड़ गई. जिस पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए. जहां उपचार के दौरान किसान ने दम तोड़ गई.
पुलिस के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी टीकाराम अपने खेत में खड़ी सरसों की फसल में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था. तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई. जिस पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.
किसान को गंभीर हालत में हरिद्वार के भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उपचार के दौरान भूमानंद की मौत हो गई. वहीं, किसान की मौत पर परिवार में मातम पसरा हुआ है. आस पड़ोस के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं.