स्पा सेंटरों पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने मारा छापा, चालान के बाद कराया बंद, बार पर लगाया जुर्माना


उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने स्पा सेंटरों पर छापेमारी की. अचानक हुई छापेमारी से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा गया. इस दौरान अनियमितता मिलने पर टीम द्वारा 10 स्पा सेंटर पर चलानी कार्रवाई के बाद बंद करा दिया गया है. साथ ही टीम ने एक बार पर भी कार्रवाई की है.

रुद्रपुर में स्पा सेंटरों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल यूनिट ने अचानक छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया. कार्रवाई को देखते ही कई स्पा सेंटरों को संचालक और कर्मचारी बंद करके भाग गए. बताया जा रहा है कि टीम को स्पा सेंटरों में अनियमितता की शिकायत मिल रही थी. जिस पर टीम देर शाम स्थानीय पुलिस के साथ सेंटरों पर पहुंची.

टीम द्वारा सभी स्पा सेंटरों का एक-एक कर गहन निरीक्षण किया गया. टीम ने स्पा सेंटरों के लाइसेंस, रजिस्टर, कर्मचारियों का सत्यापन और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान कई स्पा सेंटरों में नियमों की अनदेखी सामने आई. कुछ सेंटरों में आवश्यक अनुमति और लाइसेंस नहीं पाए गए, जबकि कई जगहों पर कर्मचारियों का सही रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेज मौजूद नहीं थे.

इसके अलावा, संचालन के तय मानकों का उल्लंघन और अन्य कई प्रकार की गंभीर कमियां भी जांच में उजागर हुईं. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटरों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की. साथ ही, अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए स्पा सेंटरों को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया गया. पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों पर नोटिस चस्पा किए गए और ताले लगाए गए.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *