देहरादून के डोईवाला में ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार किशोरियों को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत, दूसरी की हालत नाजुक


राजधानी देहरादून के डोईवाला के खत्ता रोड पर बीती शाम खनन में लगे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार दो मासूम किशोरियों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय जूही की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी 17 वर्षीय सहेली दीपाली की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.

राजीव नगर निवासी जूही (15 वर्ष, पुत्री अन्नू) और दीपाली (17 वर्ष, पुत्री पवन) शनिवार शाम करीब 7 बजे अपनी स्कूटी से राजीव नगर से नगर चौक की ओर जा रही थीं. जैसे ही वे खत्ता रोड पर पहुंचीं, उसी दिशा से आ रहे खनन के एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों किशोरियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी. एंबुलेंस से दोनों घायलों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया. देर रात उपचार के दौरान जूही ने दम तोड़ दिया. दीपाली का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है, डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि खत्ता रोड सहित डोईवाला क्षेत्र में खनन के ट्रैक्टर और डंपर बेलगाम दौड़ते हैं. शाम के समय स्कूली बच्चों और महिलाओं का इस सड़क पर आवागमन रहता है, लेकिन खनन वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खनन वाहनों की गति पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक और शाम के समय रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों के संचालन पर सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में फिर किसी मासूम की जान न जाए.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *