सीएम धामी ने किया ‘विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026’ का शुभारंभ, हिमालयन इंस्टीट्यूट को ₹1 करोड़ की सौगात


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की. तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े संगठन प्रतिभाग कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री धामी ने सम्मेलन में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वेस्टइंडीज से ऑस्ट्रेलिया तक, गुजरात से पूर्वोत्तर तक और कश्मीर से तमिलनाडु तक विभिन्न क्षेत्रों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है.

उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा लगभग 50 देशों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है. यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है.

वर्ष 2023 में इसी अवधि के दौरान सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था. उस कठिन समय को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश उन श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा था. सुरंग के बाहर श्रमिकों के परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग जी के प्रति लोगों की आस्था उस कठिन अभियान के दौरान सभी को संबल प्रदान कर रही थी.

 








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *