स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस प्रशासन द्वारा बीते दिन बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। तभी इस दौरान पटेलनगर पुलिस और स्थानीय अधिसूचना इकाई की संयुक्त टीम को देहरादून में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला की जानकारी मिली जिसे पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया। बताते चलें यह कोई पहला मामला नहीं है बल्कि इससे पहले भी कई सारे लोगों को अवैध तरीके से भारत में घुसने पर गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा बीते दिन 15 अगस्त से पहले संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत पटेल नगर जयपुर में पंजाबी कॉलोनी आईएसबीटी के पास किराए में रह रही एक महिला का सत्यापन किया गया जिससे पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाई। पुलिस प्रशासन को उस पर शक हुआ तो वो उसे सीधा थाने लेकर पहुंचे।
हमीदा डेढ वर्ष पहले अपने पति के साथ देहरादून आई जहां उसने चांचक पुल के पास बुटीक पर काम करना शुरू किया। बुटीक हमीदा के पति ने खोला जहां दोनों पति-पत्नी मिलकर बुटीक संचालित कर रहे थे। हालांकि देहरादून आने के बाद दोनों अलग-अलग स्थान पर किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला को भारत में अवैध रूप से रहने में किन लोगों ने मदद की है उनके खिलाफ भी कारवाई की जायेगी।