हरिद्वार के व्यस्त अपर बाजार क्षेत्र में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब यूपी नंबर की एक स्विफ्ट कार पुलिस का बैरियर तोड़ते हुए बाजार में घुस गई. आरोप है कि कार ने तेज रफ्तार में कई दोपहिया और अन्य वाहनों को टक्कर मार दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार को रोक लिया और उसमें सवार तीन से चार युवकों को पकड़ लिया. इस दौरान गुस्साए लोगों ने युवकों की जमकर पिटाई भी कर दी और कार में भी तोड़फोड़ की.
बताया जा रहा है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे. बैरियर तोड़कर बाजार में प्रवेश करने के बाद उन्होंने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारी, जिससे बाजार में अफरा तफरी की स्थिति बन गई. आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कार को घेर लिया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. मनसा देवी पैदल मार्ग के पास अपर बाजार में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कार को रोककर सबसे पहले कार चालक युवक को बाहर निकाला गया और भीड़ में शामिल गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर डाली.
इस दौरान कार में सवार अन्य युवक भागने का प्रयास करने लगे. तत्परता दिखाते हुए भीड़ ने उन युवकों को भी पकड़ लिया. कार चालक के साथ ही अन्य युवकों को भी भीड़ ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा. गुस्साए लोगों ने कार के शीशे तक तोड़ डाले. आरोप है कि युवक नशे में धुत्त थे और इसी कारण से उन्होंने भीड़भाड़ वाले अपर बाजार में पोस्ट ऑफिस तिराहे से कार घुसा दी. आरोप है कि युवक इतने नहीं में थे कि उन्हें अन्य वाहन और भीड़ दिखाई नहीं दी.
बाजार में वाहनों, दुकानों के बाहर रखे सामान को रौंदते हुए युवक मनसा देवी पैदल मार्ग तक जा पहुंचे. यहां उनका पीछा कर रहे लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और कार से नीचे उतारकर उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी. कर सवार युवक तेज गति में कर चला रहे थे जिसके कारण लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. बस फिर क्या था भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों पर हाथ साफ कर दिया. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुसाईं भीड़ कार सवार युवकों को पीटते हुए नजर आ रही है.
इतना ही नहीं गुस्साई भीड़ ने कार में तोड़फोड़ भी कर डाली. सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को शांत कर किसी तरह युवकों को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और उन्हें हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया. इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.