पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन, लंबे समय से चल रहे थे अस्वस्थ


उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का आकस्मिक निधन हो गया है. उनके निधन से उत्तराखंड कांग्रेस और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है. हीरा सिंह बिष्ट जमीनी स्तर के नेता माने जाते थे, उन्होंने अपने जीवन काल में श्रमिकों और मलिन बस्ती वासियों के हितों को लेकर लगातार संघर्ष किया. बताया जा रहा है कि वो लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट के निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार रात लगभग डेढ़ बजे के आसपास उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, इसके बाद उन्हें उनके परिजन ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन उनका निधन हो गया. हीरा सिंह बिष्ट एनडी तिवारी सरकार में परिवहन श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

हीरा सिंह बिष्ट कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे. उन्होंने लंबे समय तक इंटक के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार भी संभाला और श्रमिकों के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया. उन्होंने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. उनके निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख जताया है. हीरा सिंह बिष्ट सेवक आश्रम रोड में रहते थे, उनके निधन की खबर सुनकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनके आवास में आने का सिलसिला शुरू हो गया है. बिष्ट के करीबी रहे हिमांशु ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार नालापानी श्मशान घाट में किया जाएगा.

गौर हो कि एनडी तिवारी सरकार में हीरा सिंह बिष्ट परिवहन मंत्री भी रहे. हीरा सिंह बिष्ट कई सालों से इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे और मजदूरों के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहे. उन्होंने मलिन बस्तियों के निवासियों की आवाज बुलंद की. वरिष्ठ नेता का पार्टी में काफी ऊंचा कद था. पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह राज्य गठन से पहले और बाद में प्रदेश कांग्रेस संगठन में अहम पदों पर काबिज रहे. वहीं नेता हीरा सिंह बिष्ट का पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कांग्रेस पार्टी को समर्पित रहा.

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं इंटक के प्रदेश अध्यक्ष रहे हीरा सिंह बिष्ट जी के निधन का दुःखद समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है. उन्होंने आगे लिखा कि हीरा सिंह हमेशा गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों एवं वंचितों की आवाज उठाने थे और वो जनप्रिय नेता थे. उनका निधन कांग्रेस परिवार के साथ-साथ उत्तराखंड की राजनीति और श्रमिक आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *