आरटीओ इंस्पेक्टर पर रिश्वत लेने का आरोप, बंधक बनाया – Doon Ujala


राजधानी देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र से परिवहन विभाग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ट्रैवल कारोबारी ने परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर को अपने ऑफिस में शटर बंद कर करीब एक घंटे तक कथित रूप से कैद कर लिया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला चर्चा का विषय बन गया। ट्रैवल व्यवसायी ने इंस्पेक्टर पर हर महीने रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि परिवहन इंस्पेक्टर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

इंस्पेक्टर का कहना है कि वह मौके पर किसी वसूली के लिए नहीं गए थे, बल्कि लघु शौच के लिए वहां रुके थे। इसी दौरान ट्रैवल कारोबारी ने उन्हें अंदर बुलाकर रस मलाई खाने के लिए कहा।

इंस्पेक्टर के मुताबिक वह अंदर बैठकर रस मलाई खा रहे थे, तभी कारोबारी ने बाहर से शटर बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि ट्रैवल व्यवसायी उन्हें पहले से जानता है, लेकिन अचानक इस तरह बंद क्यों किया गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

देहरादून का यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर कथित दबाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

वहीं कुछ लोग सरकारी अधिकारी को बंधक बनाने जैसी घटना को कानून व्यवस्था के लिए गंभीर मान रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार हर्रावाला चौकी क्षेत्र में संचालित एक ट्रैवल व्यवसायी ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग का संबंधित इंस्पेक्टर हर महीने उससे 8 हजार रुपये की रिश्वत लेने आता था।

व्यवसायी का कहना है कि लंबे समय से कथित वसूली से परेशान होकर उसने इंस्पेक्टर को ऑफिस के अंदर बंद कर दिया, ताकि मामला सार्वजनिक हो सके।

घटना के दौरान ऑफिस का शटर बाहर से बंद कर दिया गया, जिसके बाद इंस्पेक्टर करीब एक घंटे तक अंदर ही मौजूद रहे।








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *