हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मेहतौली स्थित एक स्टोन क्रशर पर जमकर बवाल हो गया. तीन कार सवारों पर स्टोन क्रशर में जबरन घुसने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, CCTV कैमरे तोड़ने और पिस्टल से फायरिंग कर पूरे परिसर में दहशत फैलाने का आरोप लगा है. घटना के बाद स्टोन क्रशर पर काम कर रहे कर्मचारियों में भय का माहौल है. वहीं तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर पड़ताल तेज कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस को दी गई तहरीर में अदनान पुत्र अली जान ने बताया कि बीती शाम नसरत पुत्र कासिम, अरशद पुत्र कासिम, गुलजार पुत्र असगर और 7-8 अन्य लोग तीन कारों से स्टोन क्रशर पहुंचे. आरोप है कि पहले बातचीत का माहौल बनाया गया, लेकिन कुछ ही देर में विवाद शुरू हो गया. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने परिसर में लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. अदनान के अनुसार, जब अन्य कर्मचारी बीच-बचाव के लिए आगे आए तो मुख्य आरोपी ने पिस्टल निकालकर दो फायर किए. गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिन्होंने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी. हड़बड़ी में कुछ लोगों ने अपने ही साथियों की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए.शिकायत में यह भी कहा गया है कि क्रशर के पार्टनर साजिद पुत्र अनीस को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं. मारपीट में दो कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भय के कारण काम करने से भी कतरा रहे हैं.