केदारनाथ धाम में बीते 20 घंटों से लगातार हो रही बर्फबारी ने चारधाम यात्रा तैयारियों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. कपाट खुलने की तिथि नजदीक होने के बावजूद मौसम का बदला मिजाज प्रशासन और कार्यदायी संस्थाओं के लिए चुनौती बना हुआ है.
बताया जा रहा है कि इस बार धाम में बेमौसम बर्फबारी हो रही है, जहां दिसंबर-जनवरी में अपेक्षाकृत कम बर्फ देखने को मिली, वहीं अब कपाट खुलने से ठीक पहले भारी बर्फबारी ने हालात कठिन कर दिए हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल को बाबा केदार की डोली ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान करेगी, जबकि 22 अप्रैल को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे.
केदारनाथ पैदल मार्ग पर छोटी लिनचोली से धाम तक भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के चलते पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है. इससे निर्माण और मरम्मत कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं. सोनप्रयाग से केदारपुरी तक लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) गुप्तकाशी द्वारा यात्रा को सुगम बनाने के लिए कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण श्रमिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बर्फ हटाने के लिए 60 श्रमिकों की दो टीमें बनाई गई हैं. एक टीम केदारनाथ से और दूसरी छोटी लिनचोली से मार्ग साफ करने में जुटी है. मंगलवार तक करीब 4 से 5 फीट चौड़ाई में मार्ग साफ कर लिया गया था, लेकिन ताजा बर्फबारी के चलते कई स्थानों पर फिर से बर्फ जम गई है.