माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड की उपस्थिति में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित रोड सेफ्टी एंड ग्रीन अर्थ मैराथन 2026 सम्पन्न — युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
परिवहन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर संभागीय परिवहन कार्यालय, देहरादून के तत्वावधान में “रोड सेफ्टी एंड ग्रीन अर्थ मैराथन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण-मुक्त उत्तराखण्ड के निर्माण हेतु जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
आज सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर आयोजित मैराथन का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा प्रातः 09:30 बजे सर्किट हाउस से ध्वज दिखाकर किया गया। मैराथन सर्किट हाउस- हाथीबड़कला- दिलाराम चौक- एस्टले हॉल होते हुए परेड ग्राउंड में सम्पन्न हुई। मैराथन में लगभग 800 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा विशेष रूप से पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सड़क सुरक्षा के “स्वयं वाहक” बनें तथा “सड़क सुरक्षा मित्र” की तरह कार्य करते हुए समाज में यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता फैलाएँ। साथ ही नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रदूषण कम करने हेतु सामूहिक प्रयास करने की भी अपील की गई।
मैराथन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही तथा राजपुर विधायक श्री खजान दास एवं कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम प्रारम्भ होने से पूर्व प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग में आयु आधारित 02 श्रेणियाँ (35 वर्ष तक, 35 से अधिक) तथा पुरुष वर्ग में तीन श्रेणियाँ (18 वर्ष तक, 19 वर्ष से 40 वर्ष तथा 41 वर्ष से अधिक) निर्धारित की गई। मैराथन में प्रिंस, अभिषेक, ललित जोशी, दिवाकर, रोहित पंवार, अमरदीप, रिजवान, मुकेश, अनीशा, तनुषा, अवंतिका, कांती देवी, ज्योत्सना कंडपाल तथा पुष्पा बिष्ट द्वारा अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की गई।
कार्यक्रम के आयोजक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, देहरादून के कार्मिकों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रातः 05 बजे से ही तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई थी। डीटीओ अनीता चमोला, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून द्वारा बताया गया कि सड़क सुरक्षा अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा विशेष रूप से देहरादून जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग 12 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। यह आयोजन राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के सफल समापन का प्रतीक बना और समाज में व्यापक जागरूकता का संदेश देने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनका प्रायोजन देहरादून के वाहन विक्रेताओं द्वारा किया गया। सभी प्रतिभागियों को कैप, टी-शर्ट एवं जैकेट वितरित की गई तथा परेड ग्राउंड में भोजन स्टॉल भी लगाए गए। मैराथन मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कैनोपी लगाकर प्रतिभागियों को पानी एवं ग्लूकोज उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा के माध्यम से वार्म-अप से हुई तथा समापन अवसर पर प्रतिभागियों सामूहिक नृत्य भी किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा विशेष रूप से पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम में श्री सनत कुमार सिंह, अपर परिवहन आयुक्त, श्री राजीव मेहरा, संयुक्त परिवहन आयुक्त, श्री सुनील शर्मा एवं शैलेश तिवारी, उप परिवहन आयुक्त,डॉक्टर अनीता चमोला आरटीओ (प्रवर्तन), श्री संदीप सैनी आरटीओ (प्रशासन) श्री पंकज श्रीवास्तव एआरटीओ (प्रवर्तन), चक्रपाणि मिश्र एआरटीओ (प्रशासन),अनुराधा पंत,प्रज्ञा पंत, एमडी पंतनई, श्वेता रौथाण, परिवहन कर अधिकारी सहित ऋषिकेश एवं विकासनगर परिवहन कार्यालय के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
⸻
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर परिवहन विभाग, देहरादून द्वारा जनजागरूकता हेतु निम्न कार्यक्रम आयोजित किए गए —
* सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन।
* सड़क दुर्घटना विश्लेषण (Crash Investigation Training) कार्यक्रम एवं जागरूकता गतिविधियां।
* वाहन चालकों/कर्मियों हेतु वाहन प्रदूषण नियंत्रण प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं यूनिफॉर्म/ सुरक्षा सामग्री का वितरण।
* “रोड सेफ्टी एवं ग्रीन अर्थ कार्निवाल” का आयोजन।
* वाहन चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण (Health Check & up) शिविर।
* प्रथम प्रतिक्रिया (First Responder) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।
* विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं।
* स्कूल/कॉलेज एवं यूनियनों के साथ संवाद कार्यक्रम एवं कार्यशालाएं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।