शहर कोतवाली क्षेत्र के मोती बाजार क्षेत्र निवासी एक व्यापारी के करंट खाते से 12 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन हो गया. व्यापारी ने बैंक कर्मचारियों पर धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
छोटा जोगीवाड़ा निवासी अवनीत अरोड़ा ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी आरके टॉयज नाम से मोती बाजार पंजाबी बेड़ा में दुकान है. उन्होंने एक बैंक की ज्वालापुर रोड शाखा में करंट खाता खुलवाया था. अप्रैल 2025 में अपने खाते को बंद कराने के लिए बैंक के कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर को आवेदन पत्र, एटीएम और चेक बुक सौंप दी थी. आरोप है कि उन्हें खाते के बंद होने की पुष्टि भी कर दी गई थी.
13 अगस्त 2025 को कोरियर से उन्हें एक बैंक स्टेटमेंट मिली. बैंक स्टेटमेंट को देखकर वो चौंक गए. एक मई से 26 जून 2025 के बीच खाते में करीब 12.14 करोड़ रुपये जमा और लगभग 12.12 करोड़ रुपये निकाले गए, जबकि ऐसा कोई लेनदेन उन्होंने नहीं किया.
आरोप है कि उनके बैंक में खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर और ई मेल आईडी भी बदल दी गई, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने शाखा प्रबंधक और संबंधित कर्मचारी पर मिलीभगत का संदेह जताते हुए कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस और बैंक स्तर पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया है. व्यापारी का कहना है कि 20 अगस्त 2025 को बैंक पहुंचने पर कर्मचारियों ने ठीक से बात नहीं की और कार्रवाई करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी.