रुद्रपुर में 50 साल से पुरानी अवैध मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, एनएच चौड़ीकरण में आ रही थी बाधा


उत्तराखंड के रुद्रपुर में नेशनल हाईवे की जद में आ रही अवैध मजार पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई. नोटिस जारी होने के बाद आज सुबह प्रशासन की टीम ने मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान इंद्रा चौक को छावनी में तब्दील किया गया था. इंद्रा चौक आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया था.

एक बार फिर धामी सरकार का बुलडोजर NH-74 की जद में आ रहे मासूम मियां की मजार में चला है. दशकों पुरानी मजार को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि मजार को प्रशासन हटा सकता है. ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था. जानकारी के मुताबिक सुबह एनएचआई, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ इंद्रा चौक पहुंची.

मजार के ध्वस्तीकरण में किसी भी तरह की बाधा न आए, इसके लिए इंद्रा चौक को आने वाली सड़क पर यातायात और राहगीरों के आने जाने में प्रतिबंध लगाया गया था. इतना ही नहीं मीडिया कर्मियों को भी मौके पर जाने से रोका गया. लगभग दो घंटे चले ध्वस्तीकरण के बाद यातायात को सुचारू किया गया. मजार वाले स्थान को पूरी तरह समतल कर दिया गया है. एहतियातन इंद्रा चौक में भारी पुलिस फोर्स को अभी भी तैनात रखा गया है. बता दें कि अवैध मजार नेशनल हाईवे-74 और नेशनल हाईवे-109 के चौराहे के किनारे पर बनी थी. मजार हाईवे चौड़ीकरण के दायरे में आ रही थी.

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि इंद्रा चौक में अवैध रूप से मजार बनी हुई थी. उसे हटाने के लिए प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस दिया गया था, लेकिन मजार को नहीं हटाया गया. जिसके बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर अवैध रूप से बनी मजार को हटाया.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *