हरिद्वार में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, मकान के उड़े परखच्चे, मालिक का उड़ गया हाथ


हरिद्वार का ज्वालापुर इलाका आज सोमवार की सुबह भीषण विस्फोट से दहल गया. यहां पटाखों और पटाखे बनाने के लिए रखी सामग्री में विस्फोट हो गया. धमाका इतना भीषण था कि मकान के परखच्चे उड़ गए. अंदर मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया. वहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे की है. जब लोधामंडी निवासी आजाद अली घर की पहली मंजिल पर बने कमरे के अंदर आतिशबाजी के लिए पटाखे बनाने का कार्य कर रहा था. बताया गया कि तभी अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना जबरदस्त था कि कमरे की छत उड़ गई. दीवार भी टूट कर अलग हो गई. इस दौरान आजाद अली मलबे के अंदर दब गया.

धमाके की आवाज से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया. जब लोग मौके पर पहुंचे, तो आजाद अली मलबे के नीचे दबा हुआ था और बुरी तरह जख्मी हो गया था. लोगों ने से किसी तरह मलबे से उसे बाहर निकाला. इसके बाद 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल ले गए. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया.

जानकारी मिलते ही हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाल प्रदीप बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी जुटाई. इस दौरान सामने आया कि इस पटाखा बनाने की सामग्री में विस्फोटक हुआ, जिससे यह हादसा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. सामने आया कि आजाद अली की पत्नी बाहर थी. बच्चे नीचे वाले कमरे में मौजूद थे.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *