रुद्रप्रयाग: जिले के जखोली क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. अर्जुन बैंड के पास एक ईको पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के वक्त वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
घटना के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को चौकी जखोली क्षेत्रांतर्गत अर्जुन बैंड के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ जिला मुख्यालय से घटनास्थल पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि दो घायल बालिकाओं को जखोली लाया जा रहा है. उनकी पहचान शिवांशी रावत (15 वर्ष) और दिव्यांशी रावत (12 वर्ष), निवासी कुरछोला, जखोली के रूप में हुई है.
फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमें दुर्गम खाई में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. हादसे के कारणों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोगों के विस्तृत विवरण की जानकारी जुटाई जा रही है. अर्जुन बैंड पर हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है. रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.