बैंक ऑफ बड़ौदा, देहरादून क्षेत्र द्वारा भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के मार्गदर्शन में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का मर्खम ग्रांट ग्राम पंचायत डोईवाला में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य री-केवाईसी (Re-KYC) अद्यतन करने तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) जैसी प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत अधिकाधिक लोगों को नामांकित करना था।
इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक, देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक श्री हर्ष कुमार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के उप महाप्रबंधक श्री शैलेन्द्र शर्मा तथा बैंक ऑफ बड़ौदा, देहरादून क्षेत्र की उप क्षेत्रीय प्रबंधक सुश्री ईशा नौटियाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) एवं अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) कार्यालय के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री हर्ष कुमार गौतम ने वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को पूर्ण रूप से प्राप्त करने में ऐसे संतृप्ति अभियानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं से वंचित लोगों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने तथा बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे से बाहर रह गए लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है।