उत्तराखंड शासन ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा सहित कुल छह अधिकारियों के विभागों में फेरबदल का आदेश जारी किया है।
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 के आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदांडे को अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर-मुख्य सचिव तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
आईएएस डॉ. आनन्द श्रीवास्तव को अपर सचिव राजस्व विभाग के पद से स्थानांतरित कर अपर सचिव नागरिक उड्डयन व महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।

आईएएस अधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी को अपर सचिव शहरी विकास एवं आवास, निदेशक शहरी विकास निदेशालय और मुख्य कार्यपालक अधिकारी, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के पदभार से मुक्त करते हुए अपर सचिव, आवास विभाग बनाया गया है।
पीसीएस अधिकारी सुन्दर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन, समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त दिव्यांगजन के पदभार से अवमुक्त कर अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव राजस्व एवं गृह विभाग के पद से स्थानांतरित कर अपर सचिव, आवास विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रॉकली को अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग में तैनात किया गया है। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से तत्काल कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पदों पर कार्यभार ग्रहण करने और इसकी आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।