उत्तराखंड के विकासनगर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो अचानक शक्ति नहर में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में वाहन की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो के नहर में गिरने के बाद वह कुछ दूरी तक पानी के बहाव के साथ दिखाई दी। इसके बाद गाड़ी गहरे पानी में समा गया और नजरों से ओझल हो गया। पुलिस और SDRF की टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही है। लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह हादसा कैसे हुआ और कार नहर में कैसे गिरी। गाड़ी बरामद होने के बाद इस घटना में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में कितने लोग मौजूद थे। वाहन किसका था, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। पुलिस टीम हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। SDRF के जवान नहर के पानी में अलग-अलग जगहों पर लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो और उसमें सवार लोगों के बारे में स्थिति सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कार की तलाश रेस्क्यू अभियान जारी है।