गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी राजधानी, गोली लगने से दो घायल, ठेके के बाहर हुआ विवाद – Doon Ujala


राजधानी देहरादून में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हो गई. इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया. दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार (3 जुलाई) शाम करीब साढ़े आठ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर दो राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई.

लोगों ने पहले गोली की आवाज को किसी बाइक का शोर समझा, लेकिन कुछ ही देर में पता चला कि फायरिंग हुई है. फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिसे उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी फायरिंग के बाद हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *