उत्तराखंड के ऋषिकेश से लगभग 30 किलोमीटर दूर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल के सिंगटाली पुल के पास 27 जून दोपहर गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और दोनों युवकों की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए 6 युवकों का एक समूह सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में स्नान कर रहा था. इसी दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए. उनके साथियों ने तुरंत जिला कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं. प्रशिक्षित डीप डाइवर्स द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर लगातार गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. लापता युवकों की पहचान 26 वर्षीय प्रेम पुत्र हरीशचंद्र निवासी बुराड़ी, नई दिल्ली और 26 वर्षीय राजन निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है. घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है.
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि मॉनसून के दौरान गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. ऐसे में असुरक्षित स्थानों पर नदी में स्नान करने से बचें और केवल अधिकृत और सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें. साथ ही प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों और चेतावनी बोर्डों का पालन करें, क्योंकि आपकी सुरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है.