अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, 19 वर्षीय चालक की दर्दनाक मौत


धरासू से पेयजल की टंकियां लेकर ग्राम न्यू खालसी मांड जा रहा एक पिकअप वाहन सोमवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. वाहन के करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरने से 19 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है.

गौर हो कि पर्वतीय अंचलों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी में पिकअप वाहन संख्या UK07CA-9825 में 1000-1000 लीटर क्षमता की दो पानी की टंकियां लादी गई थी. वाहन धरासू से ग्राम न्यू खालसी मांड की ओर जा रहा था. सोमवार शाम करीब छह बजे न्यू खालसी मांड मोटर मार्ग पर थोला से लगभग छह किलोमीटर आगे न्यू खालसी की दिशा में पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा.

हादसे में वाहन चालक सूरज (19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मांगशीरू लाल, निवासी ग्राम जामणी नागराजधार, थाना छाम, जनपद टिहरी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गया. खाई में गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.

वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया. देर शाम होने के कारण पंचनामा की कार्रवाई नहीं हो सकी. पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. मंगलवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *