मंदिर के बाहर बकरे के अवशेष फेंकने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


कोतवाली क्षेत्र रुद्रपुर के भूतबंगला वार्ड नंबर 20 में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप को लेकर तनाव का माहौल पैदा हो गया. वाल्मीकि समाज के लोगों ने एक व्यक्ति पर मंदिर के मुख्य द्वार के सामने बकरे की कुर्बानी के अवशेष फेंकने, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

रुद्रपुर के भूतबंगला वार्ड नंबर 20 निवासी विजेंद्र पुत्र राजेंद्र ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले में स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप रहने वाले एक व्यक्ति (विशेष समुदाय) ने 29 मई 2026 को लगभग दोपहर एक बजे अपने घर के सामने बकरे की कुर्बानी की. आरोप है कि इसके बाद बकरे के अवशेष और अन्य चीजें मंदिर के मुख्य द्वार के सामने फेंक दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं.

शिकायतकर्ता के अनुसार जब मोहल्ले के लोगों ने इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपी कथित रूप से गाली-गलौज पर उतर आया और जान से मारने की धमकी देने लगा. तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी स्वयं को उत्तराखंड पुलिस का कर्मचारी बताकर लोगों को डराने और दबाव बनाने का प्रयास कर रहा था.

शिकायत में कहा गया कि इस घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती थी. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. शिकायत में कई स्थानीय लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *