जेल में बंद आरोपी ने मांगी ₹30 लाख की रंगदारी, घर के बाहर करवाई फायरिंग, दहशत में परिवार


सुद्धोवाला जेल में बंद एक आरोपी द्वारा एक महिला से रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. ईस्ट होप टाउन लक्ष्मीपुर निवासी एक महिला ने जेल में बंद आरोपी और उसके साथियों पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, धमकी देने और घर के बाहर फायरिंग करने का आरोप लगाया है. जिसके बाद पुलिस ने मामले में पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, महिला ने थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पति 3 दिसंबर 2024 से एक मर्डर केस में सुद्धोवाला जेल में बंद हैं. उसी केस में अर्जुन नाम का एक अन्य आरोपी भी जेल में बंद है, जिसे महिला ने पेशेवर अपराधी बताया है. महिला का आरोप है कि 8 मई को जेल मुलाकात के दौरान उनके पति ने बताया कि अर्जुन उनसे 30 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहा है. रुपए नहीं देने पर आरोपी ने उनकी पत्नी को मरवाने की धमकी दी है.

महिला ने बताया कि, इस संबंध में उन्होंने जेल अधीक्षक और एसएसपी देहरादून से भी शिकायत की थी. इसके बाद 20 मई की सुबह करीब साढ़े चार बजे उनके घर के बाहर तेज आवाज सुनाई दी. अगले दिन सुबह पार्किंग में उन्हें एक धमकी भरी चिट्ठी मिली. जब उन्होंने पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें दो युवक घर के बाहर आते दिखाई दिए.

आरोप है कि एक युवक ने घर के अंदर धमकी भरा पत्र फेंका और इसके बाद घर के बाहर फायरिंग की, जिसकी घटना कैमरे में कैद हो गई. पीड़िता ने विकास बलारा, जेल में बंद अर्जुन की बहन दीपिका, अमन और कुछ अन्य अज्ञात लोगों की संलिप्तता का भी शक जताया है. महिला का कहना है कि वह डेढ़ साल की बच्ची के साथ घर में अकेली रहती है और अब वो दहशत में है, क्योंकि उसकी और उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है. महिला ने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

थाना प्रेमनगर एसएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत के आधार मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *