देहरादून जनपद के विकासनगर शक्ति नहर में लापता महिला का एसडीआरएफ ने शव बरामद कर लिया है. महिला ने पुल नंबर एक के पास से दो बच्चों समेत शक्ति नहर छलांग लगा दी थी. स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को नहर से बाहर निकाल लिया था, लेकिन महिला का पता नहीं चल पाया था. जिसके बाद महिला की तलाश जारी थी. वहीं एसडीआरएफ टीम ने सघन सर्च अभियान के बाद महिला का शव बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है.
गौर हो कि 16 मई को चौकी डाकपत्थर से सूचना मिली थी कि पुल नंबर एक के समीप शक्ति नहर में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ नहर मे कूद गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को नहर की तेज धारा से सुरक्षित बाहर निकाला था और पुलिस, स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को अस्पताल भिजवाया. लेकिन महिला नहर के तेज बहाव में लापता हो गई थी. टीम ने घटनास्थल पर पंहुचकर नहर किनारे संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान शुरू किया. एसडीआरएफ और पुलिस व अन्य बचाव दल ने समन्वय स्थापित कर युद्ध स्तर पर तलाश जारी रखी.
17 मई को पुनः एसडीआरएफ टीम द्वारा शक्ति नहर क्षेत्र में विभिन्न स्थलों पर सर्च अभियान चलाया गया . लगातार प्रयासों के बाद एसडीआरएफ टीम ने ढकरानी पावर हाउस के समीप महिला का शव बरामद कर लिया. बरामद शव की पहचान किरण (उम्र 28 साल) पत्नी धीरज चंदेल निवासी ग्राम जाखन विन्हार, हाल पता मंडी चौक विकासनगर के रूप में हुई है. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. वहीं बीते दिन शक्ति नहर विकासनगर ढकरानी इंटेक्स के पास महिला की सर्चिंग के दौरान एक पुरुष का शव बरामद हुआ, जिसे नहर से बाहर निकाला गया.
शव की शिनाख्त लक्ष्य चौहान (उम्र 25 साल) पुत्र पूरण सिंह चौहान निवासी कंडों जेयाबाग जमना सिरमौर हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है. जानकारी करने पर ज्ञात हुआ है कि मृतक की थाना पोंटा हिमाचल मे गुमशुदगी दर्ज की गई थी. जिसको पुलिस और परिजन तलाश कर रहे थे. संबंधित थाना पोंटा को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है.