रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, कई महिलाएं घायल, चालक फरार


हरिद्वार। हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली के ठीक सामने रविवार दोपहर हरियाणा रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार करीब एक दर्जन महिलाएं घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार महिलाएं कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव की निवासी हैं। सभी महिलाएं भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम फरकपुर में आयोजित एक तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।

इसी दौरान जैसे ही उनका वाहन कोतवाली के सामने पहुंचा, पीछे से आ रही रोडवेज बस ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर बेहद तेज थी, जिससे ट्रॉली में बैठी कई महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर गईं।

मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद शुरू की। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

108 एंबुलेंस सेवा को बुलाकर सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में कई महिलाओं को हाथ-पैर व सिर में चोटें आई हैं। कुछ को गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे हटवाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *