जोश वेलफेयर सोसायटी ने पुलिस लाइन स्कूल में बच्चों को बांटी स्टेशनरी, बढ़ाया पढ़ाई का उत्साह

जोश वेलफेयर सोसायटी द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पुलिस लाइन में बच्चों के बीच स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री बच्चों को प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले इन बच्चों के लिए यह सहयोग बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ, जिससे उनके अंदर पढ़ाई के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

संस्था की संस्थापक सुप्रिया चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जोश वेलफेयर सोसायटी पिछले चार वर्षों से देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में अपने शिक्षा केंद्र संचालित कर रही है। इन केंद्रों पर जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। संस्था में ऐसे कई बच्चे भी हैं जो पहले भीख मांगते थे, लेकिन अब शिक्षा से जुड़कर अपने भविष्य को संवारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्था में 150 से अधिक बच्चे नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही संस्था समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन भी करती है, जिससे समाज के जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुचेता चौहान एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने संस्था के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें एक बेहतर भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *