रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा, रेलवे ट्रैक पार करते समय अधेड़ की गई जान, पुलिस जांच में जुटी


ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां ट्रेन की चपेट में आने से लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना वार्ड नंबर 33, सिंह कॉलोनी की गली नंबर 4 के पास रेलवे ट्रैक पर हुई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार काठगोदाम से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जब किलोमीटर संख्या 42/10 के पास पहुंची, तभी अचानक एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के तुरंत बाद ट्रेन के चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाए और गार्ड नीचे उतरकर स्थिति का जायजा लेने पहुंचाय घायल व्यक्ति को देखकर तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही जीआरपी रुद्रपुर सिटी स्टेशन से उप निरीक्षक संतोष सिंह मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

स्थानीय निवासी चौधरी रविंद्र मलिक द्वारा दी गई सूचना पर समाजसेवी सुशील गाबा और भारत सेवा टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गए. इसके साथ ही आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. हालांकि तलाशी के दौरान उसकी जेब से बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर दिए गए ₹200 की चंदा रसीद मिली है, जो एकमात्र सुराग के रूप में सामने आई है.

रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके. भारत सेवा समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया.

पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में सूचना भी प्रसारित की गई है. गौरतलब है कि हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक ट्रेनों की आवाज अपेक्षाकृत कम होने के कारण लोग उनकी गति और नजदीकी का अंदाजा नहीं लगा पाते, जिससे ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *