अतिक्रमण की कार्रवाई से बचने के लिए ठेली लेकर गंगा में घुसे युवक, प्रशासन के फूले हाथ-पांव, पढ़ें पूरी खबर


अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. नगर निगम की कार्रवाई से बचने के लिए दो युवक अपनी सामान की ठेली को बचाने के प्रयास में गंगा के तेज बहाव में उतर गए. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान जब अधिकारियों ने अवैध कब्जों को हटाना शुरू किया, तभी दोनों युवक घबराकर ठेली लेकर सीधे गंगा में उतर गए. गनीमत रही गंगा का प्रवाह उस समय तेज नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया और दोनों की जान बच गई. घटना का वीडियो लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दरअसल, नगर निगम हरिद्वार द्वारा, डीएम हरिद्वार के निर्देश पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चारधाम यात्रा और कुंभ मेले को लेकर अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है. लगातार पिछले छह दिन से हरिद्वार के अलग अलग इलाकों में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है. जहां अवैध अतिक्रमण पर पीला पंजा गरज रहा है, वहीं सामान भी जब्त किया जा रहा है. अभियान के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में सीसीआर टावर तथा रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक ठेलियों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया एवं नष्ट किया गया. नगर निगम की टीम द्वारा सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से हटाया गया.

अभियान के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा विरोध करने का प्रयास भी किया गया लेकिन नगर निगम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में सख्ती से कार्रवाई करते हुए समस्त अतिक्रमणों को नष्ट किया गया. बताया जा रहा है कि हरकी पैड़ी के पास जैसे ही टीम पहुंची तभी धनुष पुल के पास एक ठेली वाला ठेली लेकर गंगा में उतर गया. गंगा में गेट में पानी कम होने की वजह से वो पार करके भाग निकला. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो को लेकर तरह तरह के कमेंट सामने आ रहे हैं. कई लोग इसे रोजगार और मजबूरी से जोड़कर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं तो कई इसे गलत भी बता रहे हैं.

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि यदि नगर क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल हटाने एवं नष्ट करने की कार्यवाही जारी रहेगी. निगम प्रशासन ने विशेष प्लान बनाया है और प्लान के मुताबिक ही अवैध अतिक्रमण को हटाया जा रहा है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *