देहरादून हवाई अड्डे पर सुविधाओं का विस्तार किया गया है. केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअली इन सुविधाओं का उद्घाटन किया. इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा यात्रियों की सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा इन सुविधाओं से हवाई यात्रियों का सफर और भी स्मार्ट और सुविधाजनक होगा.
जौली ग्रांट एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं की रविवार को शुरुआत गई. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा एयरपोर्ट को हाईटेक बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है. इन सुविधाओं का उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअल अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सपना आम नागरिक के लिए देखा था वो अब साकार होने लगा है. एयरपोर्ट पर जो सुविधा प्रदान की जा रही हैं वह बेहद सस्ती हैं खाने-पीने की चीजों में भी मामूली शुल्क लगाया गया है. जिससे आम नागरिक भी हवाई सफर कर सके.
कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट निदेशक एसएस नेगी ने कहा इससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा. एयरपोर्ट पर इन नई व्यवस्थाओं से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. यह पहल देहरादून एयरपोर्ट को देश के आधुनिक एयरपोर्ट्स की श्रेणी में लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.