MBA छात्र ने फंदा लगाकर जान दी, फांसी से पहले नस काटी; पिता सेना में कर्नल


हल्द्वानी में एमबीए की पढ़ाई कर रहे युवक ने घर के भीतर गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल पद पर तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में परिजनों से विवाद की बात सामने आई है।

सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी 22 वर्षीय दिनेश माहरा पुत्र गंगा सिंह माहरा हल्द्वानी के एक कॉलेज से एमबीए द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात उसकी परिवार के एक सदस्य से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद रात करीब नौ बजे वह खाना खाकर कमरे में चला गया था।

मंगलवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। मां कुसुम जब बेटे के कमरे की तरफ गई तो देखा कि सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से दिनेश लटका था। दिनेश को एसटीएच लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

दिनेश के एक हाथ में कट के दो निशान मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि फांसी लगाने से पहले छात्र ने हाथ की नस काटने का प्रयास किया होगा। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है।

पुलिस को घटनास्थल के पास से दिनेश का मोबाइल मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस फोन की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक दिनेश अक्सर मोबाइल से ही पढ़ाई करता था। पुलिस मामले की अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *