देहरादून में जुगाड़ वाहनों पर कार्रवाई, 16 मौके पर कटवाए, 130 के चालान

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/सड़क सुरक्षा ) देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशों पर जनपद में सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने तथा राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध जुगाड़ वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत उन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिनमें साइकिल का हैंडल लगाकर किसी पुराने स्क्रैप वाहन का इंजन जोड़ दिया गया था अथवा किसी दोपहिया वाहन को अनधिकृत रूप से काटकर उसे माल ढोने वाले कार्ट के रूप में परिवर्तित कर दिया गया था।
अभियान के दौरान ऐसे वाहनों की विशेष जांच की गई जिनमें इंजन नंबर अथवा चेसिस नंबर उपलब्ध नहीं था या जिनके नंबरों में स्पष्ट असंगति पाई गई। इस दौरान कुल 16 जुगाड़ वाहनों को उनके स्वामियों के माध्यम से मौके पर ही कटवाया गया। इसके अतिरिक्त ऐसे 5 वाहनों को, जिन पर नंबर अंकित थे, उनको निरूद्ध किया गया। वाहन स्वामियों को भविष्य में इस प्रकार के अवैध जुगाड़ वाहनों का उपयोग या संचालन न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान व्यापारियों को भी जागरूक किया गया और उनसे अपील की गई कि वे जुगाड़ वाहनों के माध्यम से किसी भी प्रकार के माल का परिवहन न कराएं। उन्हें वैध एवं सुरक्षित परिवहन साधनों का ही उपयोग करने के लिए समझाया गया।
*अभियान के दौरान एक दिलचस्प मामला बालावाला–रायपुर क्षेत्र में सामने आया, जहां एक जुगाड़ वाहन ऐसा मिला जिसकी मूल वाहन आयु मात्र 6–7 वर्ष थी, लेकिन उसे काटकर जुगाड़ वाहन के रूप में परिवर्तित कर दिया गया था। जब वाहन के नंबर और चेसिस नंबर का मिलान किया गया तो दोनों में असमानता पाई गई। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव को वाहन के चोरी का होने का संदेह हुआ। तत्पश्चात मौके पर ही एसपी सिटी से समन्वय स्थापित कर एनसीआरबी डाटा के माध्यम से वाहन की जांच कराने के निर्देश दिए गए। जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को छोड़े जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस प्रकार इस अभियान के माध्यम से पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर चोरी के वाहनों की पहचान में भी मदद मिल रही है।
इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान रॉन्ग लेन अथवा उल्टी दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई और ऐसे 26 वाहनों के चालान किए गए।* संबंधित वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार के उल्लंघन पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है।
दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में कुल 130 वाहनों के चालान किए गए तथा 26 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें 5 जुगाड़ वाहन भी शामिल हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि अवैध एवं जुगाड़ वाहनों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की कि वे हाथ से चलने वाले ठेलों अथवा वैध परिवहन साधनों का ही उपयोग करें तथा किसी भी परिस्थिति में जुगाड़ वाहनों के माध्यम से माल का परिवहन न करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और वैध परिवहन व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्ती से अभियान चलाया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *