कोटद्वार बाबा दुकान विवाद, उत्तराखंड में बाहरी संगठनों की एंट्री बैन, पिंकी चौधरी गाजियाबाद में हाउस अरेस्ट


उत्तराखंड कोटद्वार बाबा दुकान विवाद का मामला खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. हिंदू रक्षक दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने 12 फरवरी को कोटद्वार पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी, जिसको देखते हुए कोटद्वार पुलिस अलर्ट है. उत्तराखंड पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए बाहरी संगठनों के लोगों की एंट्री पर प्रभावी रोक लगा दी.

बता दें कि भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि 12 फरवरी को दोपहर तीन बजे हिंदू रक्षक दल कोटद्वार पहुंचेगा और दीपक के जिम के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने दीपक पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और हिंदू समाज का उत्पीड़न करने जैसे आरोप लगाते हुए उसे ‘मुंहतोड़ जवाब’ देने की बात कही थी.

पिंकी चौधरी के इस बयान के सामने आने के बाद पौड़ी का पुलिस-प्रशासन अलर्ट है. पुलिस-प्रशासन को शहर में तनाव बढ़ने की आशंका हो गई. स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए है. कोटद्वार शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की सघन चेकिंग शुरू हुई.

उत्तराखंड की सीमाओं पर विशेष निगरानी लगाई गई. पड़ोसी राज्यों (यूपी और हरियाणा) की पुलिस को अलर्ट किया गया और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई. प्रशासन का मकसद किसी भी तरह की भीड़ या टकराव की स्थिति को पहले ही रोकना था.

इंटेलिजेंस इनपुट मिलने के बाद यूपी और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी को गाजियाबाद स्थित उनके घर पर ही रोक दिया. पिंकी चौधरी ने खुद वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें उत्तराखंड पुलिस के इशारे पर घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथी फिर भी कोटद्वार पहुंचेंगे.

कोटद्वार में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है. पुलिस और प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी उकसावे में न आएं.

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का कहना है कि देवभूमि में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर और कड़े कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल पुलिस की सक्रियता के चलते कोटद्वार में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बनाए हुए है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *