नैनीताल जिले में हल्द्वानी के बरेली रोड निवासी एक भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. टीम आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है. आरोपी पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है. आरोपी अपनी मां पर भी जानलेवा हमला कर चुका है. भतीजी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में कल देर रात आपसी विवाद के बाद भाई ने भाई की पीट पीट कर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक कल देर रात सूचना मिली थी कि बरेली रोड निवासी संदीप जायसवाल ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी है. मौके पर जब पुलिस टीम पहुंची तो सोनू जायसवाल का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना स्थल से आरोपी संदीप जायसवाल को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
सूचना पर देर रात सीओ सीटी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली. पूछताछ में परिजनों ने बताया कि कल देर रात संदीप घर लौटा तो वह सोनू से मामूली बात को लेकर झगड़ा करने लगा. झगड़ा इतना बढ़ा कि संदीप ने पास रखे लौटे से सोनू के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया.
हत्या के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जब परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि संदीप जायसवाल रात्रि में घर में आया और कहने लगा कि सोनू ने मुझे कुछ नहीं करने दिया. इस कारण दोनों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान आरोपी ने स्टील के लौटे से छोटे भाई के मुंह पर एक के बाद एक वार कर दिए. फिर उसके सिर को उठा उठा कर बेड पर पटका, जिस कारण उसकी मौत हो गई. सोनी बीमारी से परेशान चल रहा था. परिजन उसके इलाज में भी काफी रुपए खर्च कर चुके थे.