लक्सर में दो छात्रों के बीच खूनी संघर्ष, गोली लगने से एक छात्र गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर


हरिद्वार जनपद के लक्सर में एक बार फिर गोलीकांड से सनसनी फैल गई. बीते देर शाम दो छात्रों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक छात्र को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है. घायल युवक की पहचान विनायक चौधरी (18 वर्ष) पुत्र कमलदीप, निवासी अकोढ़ाकला, लक्सर के रूप में हुई है. लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक दोनों छात्रों के बीच पहले लक्सर के होली क्रॉस स्कूल के पास विवाद हुआ, जिसके बाद मामला और बढ़ गया. इसके बाद के वी इंटर कॉलेज के पीछे दोबारा झगड़ा हुआ, जहां एक छात्र ने दूसरे छात्र को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. गोली चलाने वाले युवक के बारे में फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ पाई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी में जुटी है. घायल को परिजनों ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा. हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.

पुलिस घायल युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, हालांकि परिजन अभी स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं. वहीं, लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल ने गोलीकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और फरार आरोपी छात्र की जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं पीड़ित परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

बता दें अभी दिसंबर माह में लक्सर में उस समय हलचल मच गई थी और लोग दहशत में आ गए थे, जब लक्सर के ओवर ब्रिज पर दिनदहाड़े पुलिस की कस्टडी में लक्सर कोर्ट में ले जाए जा रहे बदमाश पर अंधाधुंध गोलियां चला दी गई थी. जिसमें बदमाश को तीन गोलियां लगी थी और बदमाश की उपचार के दौरान मौत भी हो गई थी. हालांकि पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.लेकिन एक बार फिर लक्सर में छात्रों के बीच चली गोली ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *