थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत तपोवन रोड पर सोमवार दोपहर को तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे टायर पंक्चर की दुकान पर काम कर रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. उसके बाद कार पास के मकान की दीवार से टकराई और पलट गई. पुलिस द्वारा कार चालक ऑडिट विभाग से रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. साथ ही मृतक के परिजनों द्वारा किसी भी तरह की शिकायत नहीं आई है और शिकायत के आने के बाद मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी.
राजधानी देहरादून में सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है. सड़क हादसों में आए दिन लोग जान गंवा रहे हैं. वहीं बीते दिन तपोवन रोड पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.सूचना मिलने के बाद थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार ने सड़क के दाहिने ओर स्थित पंचर की दुकान में काम कर रहे 60 वर्षीय राजेश वर्मा को अपनी चपेट में ले लिया था. उसके बाद कार पास के मकान की दीवार से टकराई और पलट कर रुक गई. कार दीवार से न टकराई होती तो हादसा और भयावह हो सकता था. कार की टक्कर से मौके पर ही राजेश वर्मा की मौत हो गई थी.
पुलिस ने मौके से कार चालक 62 वर्षीय सोबन सिंह को हिरासत में ले लिया और कार चालक को भी हल्की चोटें आई हैं. सोबन सिंह निवासी जोगीवाला ऑडिट विभाग से बतौर डिप्टी डायरेक्टर साल 2023 में रिटायर हुए हैं. पूछताछ में सोबन सिंह ने बताया है कि वह कैलाश अस्पताल से लौट रहे थे. पुलिस को बताया कि गाड़ी चलाते समय अचानक उनकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया और उन्हें कुछ नहीं दिखाई दिया, जिसके बाद कार पलट गई.
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है कि मृतक राजेश वर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. साथ ही आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अब तक तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने के बाद मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी.