बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज


बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय पर हो रहे कथित संगठित अत्याचार, धार्मिक उत्पीड़न एवं मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर मामलों को लेकर हरिद्वार निवासी अधिवक्ताओं एवं सामाजिक नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली के अध्यक्ष के समक्ष एक औपचारिक शिकायत/रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।

प्रार्थियों ने अपनी शिकायत में बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों में तोड़फोड़, मूर्तियों का विध्वंस, हत्याएं, बलात्कार, अपहरण, मारपीट, जबरन धर्मांतरण तथा हिंदू महिलाओं पर अत्याचार जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के कारण बड़े पैमाने पर डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जिससे पलायन जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि यह विषय केवल किसी एक देश की आंतरिक घटना नहीं, बल्कि मानवता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के खुले उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला है। प्रार्थियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स, मानवाधिकार संगठनों एवं सोशल मीडिया ग्राउंड रिपोर्ट्स के माध्यम से इन अत्याचारों के ठोस प्रमाण सामने आए हैं।

प्रार्थियों ने आयोग से मांग की है कि—

  • बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के मानवाधिकार उल्लंघन की निष्पक्ष व गहन जांच कराई जाए।

  • भारत सरकार के गृह एवं विदेश मंत्रालय के माध्यम से इस विषय को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गंभीरता से उठाया जाए।

  • धार्मिक स्वतंत्रता, जीवन एवं व्यक्तिगत सुरक्षा, समानता और गरिमा के अधिकारों के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जब तक ऐसे मामलों पर सख्त और प्रभावी कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और मानवाधिकारों की रक्षा संभव नहीं हो पाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आयोग राष्ट्रहित और मानवता के पक्ष में इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा।








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *