उत्तराखंड में आदि कैलाश मार्ग पर आ गिरे भारी भरकम बोल्डर, सैकड़ों यात्री फंसे


उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है. जहां एलागाढ़ के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और पत्थर आ गिरे. जिससे मार्ग यातायात बाधित हो गया है. फिलहाल, बीआरओ (BRO) की टीम मार्ग को खोलने में जुटी है.

जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले में एलागाढ़ के पास आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर अचानक पहाड़ी दरक गई. जिससे भारी भरकम बोल्डर सड़क पर आ गिरे और यातायात बाधित हो गया. सड़क बंद होने से सैकड़ों कैलाश यात्री और स्थानीय लोग फंस गए हैं. घटनास्थल पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है.

बीआरओ यानी सीमा सड़क संगठन ने घटनास्थल पर एक टीम तैनात कर दी है, जो वर्तमान में पोकलैंड मशीन के जरिए मलबा हटाने और सड़क को खोलने का काम कर रही है. मार्ग बंद होने की वजह से कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर भी जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल, मार्ग को इतना खोल दिया गया है, जिससे गाड़ियों का आना-जाना धीरे-धीरे शुरू हो सके.

वहीं, धारचूला एसडीएम मंजीत सिंह और धारचूला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. जिसके बाद स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने तत्परता से कार्य करते हुए भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. फिलहाल, किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है.

मार्ग को सुचारू रूप से खोलने का काम संबंधित विभाग की ओर से युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. एसडीएम मंजीत सिंह और पिथौरागढ़ एसपी रेखा यादव खुद निगरानी बनाए हुए हैं. उन्होंने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें. जब तक मार्ग पूरी तरह से बहाल न हो जाए, तब तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *