केदारनाथ धाम में डीजे पर थिरकना युवकों को पड़ा भारी, पवित्रता भंग करने पर मुकदमा दर्ज


केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से धाम से जुडे़ कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन वायरल वीडियो के कारण धाम की पवित्रता पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं. कभी कोई धाम में हुड़दंग मचाते हुए पकड़ा जा रहा है तो कभी कोई मंदिर के आगे नारे लगाते हुए तो कभी कोई लाइन के बीच घुसकर अराजकता फैला रहा है. अब धाम से एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मंदिर के पीछे कुछ लोग डीजे बजाकर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं. जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है.

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक केदारनाथ मंदिर के पीछे के हिस्से में डीजे बजाकर नाचने समेत हो-हल्ला कर रहे हैं. इस वायरल वीडियो को लेकर आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि यह वीडियो एक मई की रात्रि यानि केदारनाथ धाम मन्दिर कपाट खुलने से एक दिवस पहले का है.

मामले में बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी गिरीश देवली ने कोतवाली सोनप्रयाग में तहरीर दी. जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से असामाजिक तत्वों का चिन्हीकरण किया गया है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि वीडियो केदारनाथ धाम की पवित्रता से जुड़ा है, कृपया इस वीडियो को प्रचारित-प्रसारित ना करें.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *