उत्तराखंड चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल से हो चुकी है. गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट खुल चुके हैं. बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार 4 मई को सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनाथ हेतु खोल दिए जाएंगे. वहीं तीनों धामों में काफी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. 30 अप्रैल को खुले गंगोत्री धाम में 23 हजार से ज्यादा जबकि यमुनोत्री धाम में अभी तक 38 हजार से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं. वहीं 2 मई को खुले केदारनाथ धाम में 55 हजार से अधिक शिव भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं.
सुप्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने वाली है. दो दिनों में ही 55 हजार 374 श्रद्धालु केदारनाथ दर्शन को पहुंच चुके हैं. शनिवार 3 मई को 25 हजार 220 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए. जबकि शुक्रवार को यात्रा का श्रीगणेश होने पर 30 हजार 154 यात्री केदार धाम पहुंचे थे. केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है. यहां भक्तों का रैला उमड़ रहा है. इसे देखते हुए आगामी दिनों में यहां श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होने का अनुमान है
वहीं, यमुनोत्री धाम में अभी तक 38,070 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं. शनिवार 3 मई को 8536 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए. जिसमें 4515 पुरुष, 3829 महिला और 192 बच्चे शामिल हैं. वहीं गंगोत्री धाम में अभी तक 23,653 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. शनिवार 3 मई को 6291 श्रद्धालुओं ने मां गंगे के दर्शन किए. जिसमें 3564 पुरुष, 2527 महिला और 218 बच्चे शामिल हैं.
कुल मिलाकर तीनों धामों के अभी तक 1 लाख 16 हजार 997 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.