उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने अपना 15वाँ स्थापना दिवस मुख्यालय मानस केदार भवन, देहरादून में बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष श्री हरि हर पटनायक, महाप्रबंधकगण एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाओं एवं क्षेत्रीय कार्यालयों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार प्रदान किए गए। बैंक की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी सम्मानित कर उनके अमूल्य सेवाकाल एवं योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए बैंक द्वारा IMA ब्लड बैंक, देहरादून के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष महोदय ने ग्राहक जुड़ाव को सुदृढ़ करने, बेहतर ग्राहक सेवाएँ प्रदान करने, सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करने तथा समावेशी एवं ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने के बैंक के संकल्प को रेखांकित किया।