उत्तराखंड में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, भतीजे ने लोहे की रॉड से चाचा-चारी को उतारा मौत के घाट


बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरगोडी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, नरगोडी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी को निशाना बनाया।

इसके बाद नीचे के कमरे में पहुंचकर चाचा पूरन चंद्र पर भी लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।इस दौरान चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चाचा की बहू दर्शनी देवी ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए दर्शनी अपनी बच्ची को लेकर एक कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा ली।

बाद में वो किसी तरह दूसरी ओर से बाहर निकलने में सफल रही। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *