PNB और UPCL के बीच दो अहम MoU, कर्मचारियों को मिलेंगी बढ़ी हुई बैंकिंग और बीमा सुविधाएं

उत्तराखंड में बैंकिंग सेवाओं को अधिक व्यापक और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को पंजाब नैशनल बैंक ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के साथ दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। यह साझेदारी प्रदेश में संस्थागत बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पहले समझौता ज्ञापन के अंतर्गत उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के उन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को, जिनके वेतन खाते पंजाब नैशनल बैंक में हैं, केंद्रीय सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समान बैंकिंग सुविधाएँ प्रदान की जाएँगी। इनमें अन्य लाभों के अलावा –

1. हवाई दुर्घटना बीमा कवर को वर्तमान 2.00 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3.00 करोड़ रुपये

2. स्थायी पूर्ण दिव्यांगता कवर को 1.00 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये

3. व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर को 1.00 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये

4. स्थायी आंशिक दिव्यांगता कवर को 0.50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 0.75 करोड़ रुपये

5. सावधि जीवन बीमा कवर को 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये भी शामिल हैं।

साथ ही श्री पी सी ध्यानी, एम डी यूपीसीएल के विशेष प्रयासों से संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों के लिए भी विशेष सुविधाओं का प्रावधान इस समझौता ज्ञापन में किया गया है। इससे कॉरपोरेशन से जुड़े कार्मिकों को बैंक की विभिन्न बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं का विशेष लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

वहीं, दूसरे समझौते के माध्यम से भारत बिल भुगतान प्रणाली (बीबीपीएस) के एकीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके जरिए बिजली उपभोक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिल भुगतान की सहज एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह पहल भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ ही डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग को भी गति प्रदान करेगी।

इस अवसर पर पंजाब नैशनल बैंक की ओर से देहरादून मंडल के मंडल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक श्री अभिनंदन सिंह तथा उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर कर उनका आदान-प्रदान किया।

कार्याक्रम में ग्राहक अधिग्रहण केंद्र के प्रमुख श्री डी.सी. तिवाड़ी तथा अंचल कार्यालय से सहायक महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

यह पहल पंजाब नैशनल बैंक की आधुनिक बैंकिंग समाधानों के माध्यम से संस्थागत आवश्यकताओं की पूर्ति, डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार तथा उत्तराखंड में सरकारी संस्थानों के साथ मजबूत एवं दीर्घकालिक सहभागिता विकसित करने की ओर एक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *