डंपर की तेज रफ्तार ने छिना परिवार का चिराग, काशीपुर सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत


काशीपुर से मंगलवार को दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. एक ओर एक सामाजिक संस्था में रह रहे 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी ओर डंपर की टक्कर से 22 वर्षीय युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.

पहली घटना काशीपुर स्थित एक सामाजिक संस्था से जुड़ी है. जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय गगन पिछले काफी समय से अनमोल फाउंडेशन में रह रहा था. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार था. उसका इलाज हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भी कराया गया था. उपचार के बाद उसे वापस काशीपुर लाया गया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ. जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

बच्चे का शव सरकारी अस्पताल लाया गया. जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव अत्यंत कमजोर अवस्था में था. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. अब यह जांच का विषय है कि बच्चा पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था या संस्था में रहने के दौरान उसकी हालत बिगड़ी. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

वहीं दूसरी घटना में काशीपुर के महेशपुरा मदर कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय अभिषेक यादव, पुत्र स्वर्गीय भूप सिंह, की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अभिषेक गंगे बाबा रोड से गुजर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया. हादसा इतना भीषण था कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. डंपर चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

परिजनों के अनुसार, अभिषेक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है. परिवार में उसकी दो बहनें हैं. जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी की शादी तय हो चुकी है. अभिषेक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

काशीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने दोनों मामलों की पुष्टि की. उन्होंने बताया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों मामलों में पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे. उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *