सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में दो पक्षों में आपसी कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. आपसी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए नजदीती अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंची और माहौल शांत करने में जुटी रही है. विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में ट्यूबवेल से खेत में पानी डालने को लेकर विवाद हुआ.
जानकारी के अनुसार, विकासनगर के बैरागीवाला निवासी विशेष समुदाय परिवार की अन्य परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद है. शनिवार शाम को दोनों पक्षों के बीच कुलावे से पानी को लेकर कहासुनी हो गयी. आरोप है कि उसके बाद विशेष समुदाय के 10 लोग बेलचे व हथोड़ा लेकर व्यक्ति के घर में घुस आए और परिजनों के साथ मारपीट करने लगे.
इसी दौरान आरोपियों ने विनोद के सिर पर हथोड़े से कई वार कर गंभीर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले. चारों घायलों को तुरंत लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां पर विनोद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों अशोक, सुषमा व राजेश कुमार का इलाज चल रहा है.
मृतक के पिता ने बताया कि घटना के समय वे वहां मौजूद थे. उस समय कोई लड़ाई नहीं हुई थी. पैसों को लेकर बातचीत एक दिन पहले हुई थी. उनके बेटे से एक दिन पहले सेटरिंग के 14 हजार रुपए मांगे थे, आज जब उसने पैसे दिए तो भीड़ जमा हो गई थी. जिसके बाद लोगों को भड़काया गया. उन्होंने आरोपियों के घर पर बुलडोजर एक्शन की मांग की और तब तक शव ना उठाने की बात कही. उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.