बैंक ऑफ बड़ौदा ने भारतीय रिजर्व बैंक के हालिया उपायों के अनुरूप प्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए उच्च ब्याज दर देने वाली विशेष विदेशी मुद्रा प्रवासी (FCNR-B) जमा योजना शुरू की है। यह योजना 11 जून 2026 से प्रभावी होगी।
नई योजना के तहत अमेरिकी डॉलर (USD), ब्रिटिश पाउंड (GBP), यूरो, ऑस्ट्रेलियन डॉलर (AUD) और कैनेडियन डॉलर (CAD) में 3 से 5 वर्ष की अवधि की जमाओं पर आकर्षक ब्याज दरें उपलब्ध होंगी। ग्राहक अमेरिकी डॉलर जमा पर अधिकतम 6.00%, ब्रिटिश पाउंड एवं ऑस्ट्रेलियन डॉलर पर 4.75%, कैनेडियन डॉलर पर 5.15% तथा यूरो पर 3.75% तक वार्षिक ब्याज प्राप्त कर सकेंगे।
बैंक ऑफ बड़ौदा की कार्यपालक निदेशक सुश्री बीना वैद्य ने कहा कि यह योजना एनआरआई ग्राहकों को अपनी विदेशी मुद्रा बचत पर बेहतर प्रतिफल प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के हालिया कदम विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने, विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक होंगे।
भारत के अंतरराष्ट्रीय बैंक के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा अपनी वैश्विक उपस्थिति के माध्यम से इस अवसर का लाभ उठाकर विदेशी मुद्रा संसाधनों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।