मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत के बाद परिवार में मचा कोहराम


जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. रुद्रपुर-किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा मंडी गेट के सामने गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.

गौर हो कि बगवाड़ा मंडी गेट के सामने गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान दीपक साहनी पुत्र रामलाल साहनी निवासी बगवाड़ा भट्ठा, रुद्रपुर-किच्छा रोड के रूप में हुई है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार दीपक साहनी रोज की तरह सुबह करीब 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था. बताया जा रहा है कि जब वह बगवाड़ा मंडी गेट के सामने सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. गंभीर हालत में दीपक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक दीपक साहनी अपने परिवार के एकमात्र कमाऊं सदस्य था. वह टाइल्स लगाने का कार्य करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. दीपक की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी. उसके परिवार में पत्नी और करीब एक से दो वर्ष का एक छोटा बच्चा है. उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है.

घटना की सूचना मिलते ही बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.








Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *