कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजनता की सुरक्षा करने के उद्देश्य से देहरादून जिला प्रशासन ने मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर अब तक 103 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है. जिसमें प्रथम चरण में 17, द्वितीय चरण में 79 और तृतीय चरण में 7 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं. साथ ही संबंधित होमस्टे को विभागीय वेबसाइट से भी हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
देहरादून जिले में होटल रूप में विकसित होमस्टे पर डीएम के निर्देश पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है. इसी क्रम में जिला प्रशासन की मजिस्ट्रेट टीमों ने अब तक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 153 निरीक्षण करते हुए मानक विपरित संचालित मिले 103 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त करते हुए पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिला प्रशासन ने ‘ऑपरेशन सफाई’ शुरू करते हुए प्रथम चरण में 17, द्वितीय चरण में 79 और तृतीय चरण में 7 अवैध होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है. आगे भी कार्रवाई गतिमान रहेगी.
शहर में बढ़ती आपराधिक घटना का कारण होमस्टे संचालकों द्वारा मानकों का उल्लंघन करना भी पाया गया है. जिला प्रशासन के मुताबिक, रात भर नियम के खिलाफ बार संचालन, लाउड डीजे, नशा, गैर कानूनी गतिविधि के अड्डे बन रहे होमस्टे में उपद्रवी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठहरने से आमजन की जान का खतरा बना हुआ है. इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सख्त रूख अपनाते हुए होमस्टे का सत्यापन और निरीक्षण किया जा रहा है.
जिला प्रशासन का कहना है कि, होमस्टे योजना का मूल उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों के प्रचार-प्रसार और स्थानीय निवासियों की आय में वृद्धि करना है. लेकिन निरीक्षण के दौरान कई होमस्टे का उपयोग होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की भांति किया जाना पाया गया, जिससे अव्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था.