यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 12 बजकर 35 मिनट पर कर्क लग्न और कृतिका नक्षत्र, आयुष्मान योग के शुभ मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कपाट विधिवत रूप से खुलेगे।
मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में स्थित यमुना मंदिर में यमुनोत्री मंदिर समिति की अगुवाई में विधिवत मुहूर्त निकाला गया। मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि खरसाली गांव से मां यमुना की डोली सुबह 8.30 बजे स्थानीय वाद्ययंत्रों के साथ यमुनोत्री के लिए रवाना होगी। इसी क्रम में यमुना के भाई शनिदेव महाराज सोमेश्वर महाराज की डोली भी अपनी बहन को विदा करने के लिए यमुनोत्री जाएगी।